तिब्बती धर्मगुरु करमापा लामा गुरुवार को अमेरिका जाएंगे
धर्मशाला, 14 मई (आईएएनएस)। दलाई लामा और चीन द्वारा समान रूप से मान्यता प्राप्त तिब्बती धर्मगुरु करमापा लामा गुरुवार को एक पखवाड़े की यात्रा पर अमेरिका जाएंगे। निर्वासित तिब्बती सरकार के प्रवक्ता ने आज यह जानकारी दी।
तिब्बत की निर्वासित सरकार इस यात्रा को ऐतिहासिक बता रही है। आठ वर्ष पूर्व तिब्बत से भारत पलायन करने वाले 22 वर्षीय करमापा लामा पहली बार किसी विदेश यात्रा पर जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि तिब्बत से पलायन करने के बाद से करमापा अधिकांशत: धर्मशाला में ही रहे हैं।
प्रवक्ता के अनुसार 15 मई से 2 जून तक की यात्रा के दौरान लामा न्यूयॉर्क में 17 और 18 मई को जनसभाएं करेंगे तथा 25 मई को कोलोरेडो में 'हीलिंग द अर्थ' विषय पर व्याख्यान देंगे। वह 31 मई से 1 जून को सिएटल में भी दो सभाएं करेंगे।
उधर कूटनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि भारत द्वारा करमापा को अमेरिका यात्रा की इजाज़त देने के कारण तिब्बत समस्या से दो-चार हो रहे चीन को ऐतराज हो सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications