पाकिस्तान के साथ शांति वार्ता बंद हो : विहिप
नई दिल्ली, 14 मई (आईएएनएस)। जयपुर में मंगलवार को हुई आतंकवादी घटनाओं को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल ने पाकिस्तान प्रायोजित बताया है। उन्होंने पाकिस्तान के साथ चल रही सभी प्रकार की शांति वार्ताओं को बंद करने की मांग की।
सिंघल ने इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा है कि भारत में लगातार बढ़ रही आतंकवादी घटनाओं के मद्देनजर पाकिस्तान के साथ चल रही सभी प्रकार की शांति वार्ता को बंद किया जाना चाहिए। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ कठोर कदम उठाये जाने की भी मांग की।
पाटिल को लिखे पत्र में उन्होंने कहा, "जयपुर में एक के बाद एक हुए सिलसिलेवार बम धमाके यह स्पष्ट करते हैं कि पाकिस्तान के आतंकियों को स्थानीय संगठनों का भरपूर सहयोग है। सिमी जैसे संगठन इसमें आतंकवादियों को मदद देते हैं।"
उन्होंने कहा, "पाकिस्तान के साथ संबंध सुधारों व शांति व्यवस्था के तहत हम उनके नागरिकों का भारत में आवागमन उदारतापूर्वक होने दे रहे हैं। इसका फायदा उठाकर आतंकवादी संगठन केरल से कश्मीर तक अपना जाल बिछा चुके हैं।"
उन्होंने कहा कि देश में फैलते जा रहे आतंकवादियों के नेटवर्क को देखते हुए भारत और पाकिस्तान के बीच आवागमन की सुविधाएं तत्काल बंद कर देनी चाहिए और भारत में सिमी जैसे आतंकी संगठनों के विरूद्ध कठोर कदम उठाने चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications