सोनिया ने किया रायबरेली का दौरा
रायबरेली, 14 मई (आईएएनएस)। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) व कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी बुधवार को अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दौरे पर आईं और यहां रोजगार गारंटी योजना के क्रियान्वयन का जायजा लिया।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस समिति के प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्षा ने डलमऊ और सतांव विधानसभा क्षेत्र के नूरी, शौरा, बहेड़ा समेत कई गांव का दौरा किया, जहां ग्रामीणों ने सरकारी योजनाओं के सही तरीके से लागू न होने की शिकायतें उनसे की।
अखिलेश प्रताप ने जानकारी दी कि शिकायतों के संबंध में कांग्रेस अध्यक्षा रायबरेली के जिलाधिकारी संतोष श्रीवास्तव से बात करेंगी।
सोनिया गांधी मंगलवार देर रात रायबरेली पहुंची थीं, जहां बुधवार सुबह पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात करने के बाद वह क्षेत्र का दौरा करने के लिए निकलीं।
सूत्रों के अनुसार गुरुवार सुबह सोनिया गांधी रायबरेली से सीधे जयपुर के लिए रवाना हो सकती हैं, जहां मंगलवार को सिलसिलेवार बम धमाकों में दर्जनों लोगों की मौत हो गई और 250 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications