चीन में भूकंप : मृतकों की संख्या 15 हजार हुई
बीजिंग, 14 मई (आईएएनएस)। चीन के दक्षिण पश्चिमी प्रांत सिचुआन में सोमवार को आए भूकंप में मरने वालों की संख्या 15 हजार के करीब पहुंच गई है। अभी भी हजारों लोग लापता हैं।
भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी है। प्रभावित इलाकों में सेना के हेलीकाप्टर राहत कार्यक्रमों में जुटे हैं। भूकंप से सबसे अधिक प्रभावित वेनचुआन काउंटी में आपातकालीन राहत सेवा पहुंचाई जा रही है।
वेनचुआन के नजदीक स्थित मियानयांग शहर में सात हजार से अधिक लोग मारे गए और लगभग 18 हजार लोग इमारतों के मलबों में दबे पड़े हैं। मियांजु शहर से 10 हजार लोगों के लापता होने की खबर है। यहां तीन हजार लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार चीन में वर्ष 1976 के बाद सोमवार को आया भूकंप सबसे विनाशकारी माना जा रहा है। गौरतलब है कि वर्ष 1976 में बीजिंग के समीप तांगशान शहर में आए भूकंप से लगभग 242,000 लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications