दिल्ली में 104 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आई आंधी (लीड)
नई दिल्ली, 14 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में आज सुबह धूल भरी आंधी के कारण अनेक स्थानों पर पेड़ उखड़ गए जिससे लोगों को यातायात की भारी परेशानी झेलनी पड़ी। तूफान की रफ्तार 104 किलोमीटर प्रति घंटा मापी गई।
डेढ़ घंटे तक चली तेज हवाएं करीब 11.15 बजे जाकर शांत हुईं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार पालम हवाई अड्डे पर तूफान की रफ्तार 104 किलोमीटर प्रति घंटा मापी गई।
आईएमडी के निदेशक एस.सी. भान ने आईएएनएस को जानकारी दी, "सफदरजंग पर हवा की गति 81 किलोमीटर प्रति घंटा थी। उस समय 7 मिलीमीटर बरसात रिकॉर्ड की गई थी।" भान के अनुसार गर्मियों के मौसम में मौसम में ऐसा बदलाव आम है।
इसके अतिरिक्त दिल्ली के अनेक स्थानों पर तेज आंधी और बरसात के कारण बिजली गुल रही। मध्य दिल्ली स्थित अशोक रोड और फिरोजशाह रोड पर कई पेड़ उखड़ गए तो कुछ शाखाएं टूटकर सड़क पर गिर पड़ीं। इससे यातायात में रुकावट आई।
अनेक पार्किं ग स्थलों पर भी पेड़ों के कारों पर आ गिरने से वाहनों को नुकसान पहुंचा।
दिल्ली-नोएडा को जोड़ने वाले डीएनडी फ्लाइवे पर अधिकांश दुपहिया वाहनों को मौसम ठीक होने तक रोके रखा गया।
गुड़गांव में भी ऊंची इमारतों में रहने वालों को सुबह चली तेज हवा के दौरान अपने-अपने घरों के दरवाजे-खिड़कियां बंद रखने की सलाह दी गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications