ब्रिटिश उच्चायुक्त ने लिया बसपा के राजनीतिक ग्राफ का जायजा
लखनऊ , 14 मई (आईएएनएस)। भारत में ब्रिटेन के उच्चायुक्त रिचर्ड स्टैग ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के सियासी हालात व खासकर मुख्यमंत्री मायावती की कार्यशैली व बसपा के राजनतिक ग्राफ का जायजा लिया। उन्होंने दारुल उलूम नदवातुल उलेमा (नदवा कालेज) जाकर रेक्टर मौलाना राबे हसन नदवी से भी मुलाकात की।
ब्रिटिश उच्चायुक्त देर रात लखनऊ आए थे। उनके साथ उच्चायोग की सचिव द्वितीय (राजनीतिक) रुथ विल्स भी थीं। उच्चायुक्त ने एक पंचतारा होटल में यूके ट्रेड एंड इंवेस्टमेंट द्वारा आयोजित कार्यक्रमों को भी संबोधित किया।
स्टैग ने कुछ चुनिंदा राजनीतिक समीक्षकों से भी मुलाकात की। वह बसपा सुप्रीमो और मुख्यमंत्री मायावती के बारे में खासे जिज्ञासु दिखे। उन्होंने यह जानने की कोशिश की कि मायावती सरकार का एक साल का कार्यकाल कैसा रहा और बसपा की आगामी लोकसभा चुनाव में कैसी संभावनाएं रहेंगी। उच्चायुक्त ने बताया कि उन्होंने प्रदेश के कैबिनेट सचिव शशांक शेखर सिंह से भी मुलाकात की।
स्टैग यह जानने को भी उत्सुक थे कि देश की दो सबसे बड़ी राष्ट्रीय पार्टियां भाजपा और कांग्रेस उत्तर प्रदेश में खासी कमजोर क्यों हैं। उच्चायुक्त ने बताया कि उन्होंने नदवा कालेज के रेक्टर और आल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के अध्यक्ष मौलाना राबे हसन नदवी से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन में मुस्लिम समुदाय के लोगों के साथ कोई भेदभाव नहीं किया जाता और इस बारे में कही गई बातें असत्य व भ्रामक हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications