गुजरात में भस्म होगा यूनियन कार्बाइड का रासायनिक कचरा
भोपाल, 13 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के भोपाल शहर में स्थित यूनियन कार्बाइड परिसर में लगभग चार सौ मेट्रिक टन रासायनिक कचरा है। इसे तीन साल पहले एकत्रित किया गया था। अब कचरे को नष्ट करने की तैयारी चल रही है।
मिली जानकारी के अनुसार इसमें से साढ़े तीन सौ मेट्रिक टन कचरे को गुजरात में भस्म किया जाना है जबकि 40 मेट्रिक टन कचरे को पीथमपुर में जमीन में भरा जाना है।
उल्लेखनीय है कि करीब 28 साल पहले यूनियन कार्बाइड संयंत्र से गैस का रिसाव होने से हजारों लोगों की जानें चली गई थीं। तभी से यह संयंत्र बंद पड़ा है। तीन वर्ष पूर्व 2005 में परिसर में मौजूद रासायनिक कचरे को इकट्ठा कर सुरक्षित शेड में रखा गया था। गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास मंत्री अजय विश्नोई ने संयंत्र और गैस रिसाव के दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया।
गैस राहत से जुड़े अधिकारियों ने बताया है कि कुल 390 मेट्रिक टन रासायनिक कचरा यहां मौजूद है। यह कचरा दो तरह का है। इसमें से 350 मेट्रिक टन कचरे को अंकलेश्वर (गुजरात) ले जाया जाएगा जहां उसे आग से जलाकर भस्म (इंसीनेरेट) कर दिया जाएगा। शेष रासायनिक कचरे से पीथमपुर में लैंडफिल किया जाएगा। कचरे का परिवहन उच्च न्यायालय के निर्देश के आधार पर होना है, जिसके लिए प्रशासन स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।
गैस राहत मंत्री ने यूनियन कार्बाइड प्रभावित झुग्गी बस्ती का जायजा लिया। उन्होंने पेयजल वितरण व्यवस्था, गैस पीड़ितों के आर्थिक सामाजिक पुनर्वास के लिए चल रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।