प्राइवेट कंपनी की तरह चली माया सरकार : भाजपा
लखनऊ, 13 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बहुजन समाजवादी पार्टी (बसपा) सरकार के एक वर्षीय कामकाज को बेहद निराशाजनक, जनउत्पीड़क और प्रशासनिक आतंकवादी बताते हुए कहा है कि बसपा सरकार पूरे एक बरस तक एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की तरह चली और मुनाफे में रही।
लखनऊ, 13 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बहुजन समाजवादी पार्टी (बसपा) सरकार के एक वर्षीय कामकाज को बेहद निराशाजनक, जनउत्पीड़क और प्रशासनिक आतंकवादी बताते हुए कहा है कि बसपा सरकार पूरे एक बरस तक एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की तरह चली और मुनाफे में रही।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रवक्ता हृदय नारायण दीक्षित ने कहा कि मायावती सरकार का एक भी कार्य लोक कल्याणकारी नहीं था। गंगा हाईवे योजना बड़ी व्यापारिक डील थी। चीनी मिल मालिकों से डील हुई। गन्ना किसानों का उत्पीड़न हुआ। उन्हें बकाया मूल्य नहीं मिला। उचित दर पर गन्ना खरीद भी नहीं हुई। बुंदेलखंड के अकाल पर बसपा सरकार ने संवैधानिक जिम्मेदारी का निर्वहन नहीं किया। सरकार ने रैली की और भूखे लोगों को भाषण की खुराक दी गयी।
दीक्षित ने कहा कि पूरे एक साल प्रशासनिक आतंकवाद बढ़ा। इसके लिए यूपी कोका लाया गया। आतंकवाद पर सरकारी रुख नरम रहा। प्रदेश में कई आतंकवादी हमले हुए हैं। यहां जम्मू-कश्मीर जैसे हालात पैदा हो गए हैं लेकिन राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत 56 पेज के बजट भाषण में आतंकवाद का उल्लेख भी नहीं था।
प्रवक्ता ने कहा कि बातें तो सर्वसमाज की हुई लेकिन एजेंडा पुराना ही चला। रामास्वामी पेरियार के महिमामंडन को डा़ अंबेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल विधेयक में भी शामिल किया लेकिन भाजपा के विरोध के चलते सरकार पीछे हटी। खाद ब्लैक में बिकी। व्यापारिक उत्पीड़न और अपहरण भी हुए। कानून व्यवस्था ध्वस्त हुई। कृषि उत्पादन घटा और खेती किसानी ध्वस्त हुई है।
बसपा में उप नहीं होते, सब चुप ही रहते हैं। इसी तर्ज पर पंचायत संस्थाओं व नगर निकायों में उप नगर प्रमुख और जिला पंचायत उपाध्यक्ष के पद समाप्त हो गये।
दीक्षित ने आरोप लगाया कि ऊंची रिश्वत की दरों के कारण नया उद्योग नहीं लगा। यहां तबादला उद्योग ही फला-फूला है और इस सरकार ने जनता को पूरी तरह निराश किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।