रविवार को परिणय सूत्र में बंधीं जेना बुश

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ इस बेहद खास और निजी विवाह समारोह में दोनों परिवारों के 200 सदस्य और नजदीकी मित्र शामिल हुए। समारोह में जेना की जुड़वा बहन बारबरा बुश ने 'मेड ऑफ ऑनर' की भूमिका निभाई।
इस शादी ने इराक, ईरान, अफगानिस्तान और अलकायदा सहित कई मोर्चो पर परेशानियों से जूझ रहे बुश को लंबे समय के बाद खुश होने का मौका दिया है।
राष्ट्रपति बुश ने कहा, "आज मेरी बेटी जेना की शादी का दिन है। हमारे परिवार के लिए यह बहुत खुशी का अवसर है। हम जेना और हेनरी को शादी की शुभकामनाएं देते हैं।"
जेना की मां ने कहा, "जेना ह्वाइट हाउस की अपेक्षा टेक्सास में स्थित अपने घर में शादी करना चाहती थी। वह वहां खुद को ज्यादा सहज महसूस करती है।"
शादी के बाद यह दंपत्ति बाल्टिमोर के मैरीलैंड शहर में रहेगा, जहां उन्होंने 440,000 डालर में एक मकान को खरीदा है।
गौरतलब है कि 26 वर्षीय जेना और वर्जीनिया में रिपब्लिकन पार्टी के अध्यक्ष जॉन हेगर के 30 वर्षीय बेटे हेनरी की इस शादी के लिए रेस्टोरेंट की बुकिंग महीनों पहले फर्जी नाम से की गई थी।
रेस्टोरेंट के मालिक डेव हर्मन ने बताया कि उन्हें गुरुवार की रात तक नहीं मालूम था कि यह राष्ट्रपति की बेटी की शादी का रिहर्सल डिनर है। पिछले वर्ष 15 अगस्त को हेनरी और जेना की सगाई हुई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications