जम्मू में मुठभेड़ खत्म, 2 आतंकवादी ढेर

पुलिस के मुताबिक सांबा सेक्टर के काली मंडी में होशियार सिंह के घर में आतंकवादी घुस गए। आतंकवादियों ने वहां अंधाधुंध गोलियां चलाईं जिससे सिंह और उनकी पत्नी शशि बाला की मौत हो गई। हमले में सिंह की बेटी बिंदु और सास गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सेना ने संयुक्त अभियान शुरू कर दिया। इससे आतंकवादी एक ग्रामीण सुरेश सिंह के मकान में जबर्दस्ती घुस गए। वहीं से आतंकवादियों ने गोलियां चलाईं, जिसमें एक फोटो पत्रकार अशोक सोढ़ी की मौत हो गई जबकि एक जवान शहीद हो गया। इसके अलावा दो और लोग भी घायल हुए हैं।
जम्मू क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक के. राजेंद्र ने आईएएनएस को बताया कि आतंकवादी ग्रेनेड फेंक रहे थे और गोलीबारी कर रहे थे। उन्होंने बताया कि घायलों को जम्मू के सरकारी मेडिकल कालेज व अस्पताल में भर्ती किया गया है।
पुलिस महानिरीक्षक ने संभावना जताई कि हमले में शामिल आतंकवादी पाकिस्तानी हैं जो सांबा क्षेत्र में गत गुरुवार रात को घुस आए थे। गौरतलब है कि वर्ष 2002 के बाद जम्मू के मैदानी इलाकों में यह पहला आतंकवादी हमला है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications