विश्वविद्यालय में बाबा साहेब की मूर्ति पर बवाल, लगी फिर हटी
वाराणसी, 12 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में स्थित सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में डा. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा लगाने को लेकर छात्र संघ और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच खींचतान चल रही है। छात्र संघ के अधिकारी ने रविवार रात छात्र भवन में अंबेडकर की मूर्ति लगा दी जिसे बाद में विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने हटवा दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक रविवार होने का फायदा उठा कर छात्र संघ के महामंत्री प्रमोद कुमार तिवारी ने रविवार रात छात्र संघ भवन में अंबेडकर की मूर्ति स्थापित करवा दी थी। जब विश्वविद्यालय प्रशासन को छात्र संघ भवन में बाबा साहेब की प्रतिमा स्थापित किए जाने की खबर मिली तब चीफ प्राक्टर केदारनाथ त्रिपाठी ने पुलिस की मौजूदगी में स्थापित मूर्ति को वहां से हटवा दिया।
चीफ प्राक्टर त्रिपाठी ने बताया कि विश्वविद्यालय के अंदर किसी कि प्रतिमा लगाने का निर्णय विश्वविद्यालय प्रशासन करेगा, न कि छात्र संघ के पदाधिकारी। बाबा साहेब का हम लोग सम्मान करते हैं लेकिन इस तरह चोरी से उनकी मूर्ति लगाना उनका सम्मान नहीं अपमान है।
उधर छात्र संघ के महामंत्री प्रमोद तिवारी ने बाबा साहेब की प्रतिमा जबर्दस्ती हटाये जाने को बाबा साहेब का अपमान बताया है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का अपमान ऐसे समय हुआ है जब प्रदेश में बहुजन समाजवादी पार्टी की सरकार है ।
इंडो-एशियन न्यूज सविर्स।












Click it and Unblock the Notifications