पाकिस्तान राष्ट्रमंडल में पुन: शामिल
लंदन, 12 मई (आईएएनएस)। लोकतांत्रिक मूल्यों के उल्लघंन के मुद्दे पर राष्ट्रमंडल से बाहर किए गए पाकिस्तान को फरवरी में हुए आम चुनावों और लोकतांत्रिक सरकार के गठन के बाद सोमवार को राष्ट्रमंडल में पुन: स्थान देने का निर्णय लिया गया है।
पाकिस्तान को राष्ट्रमंडल में पुन: जगह देने का निर्णय राष्ट्रमंडल की मंत्री स्तरीय कार्य समिति (सीएमएजी) ने लिया है। सीएमएजी राष्ट्रमंडल के मूल नियमों और सिद्धांतों के गंभीर उल्लघंन के मामलों को देखती है।
पाकिस्तान में फरवरी में हुए आम चुनावों का स्वागत करते हुए राष्ट्रमंडल महासचिव कमलेश शर्मा ने 16 अप्रैल को कहा था कि उनको आशा है कि जल्दी ही पाकिस्तान को 53 देशों वाले राष्ट्रमंडल में फिर स्थान मिल जाएगा।
पाकिस्तान को राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ द्वारा नवंबर में आपात काल लागू करने के कारण राष्ट्रमंडल से बाहर कर दिया गया था।
लंदन में भारत के राजदूत रहे शर्मा ने कहा कि दक्षिण एशिया में लोकतंत्र को बढ़ावा देना उनकी पहली प्राथमिकता है। शर्मा के अनुसार राष्ट्रमंडल की 70 प्रतिशत आबादी दक्षिण एशिया क्षेत्र में रहती है, यदि यहां लोकतंत्र की जड़ें मजबूत हो जाएंगी तो यह राष्ट्रमंडल के सिद्धांतों के लिए बड़ी उपलब्धि होगी।
सीएमएजी ने फिजी के राजनैतिक घटनाक्रम के विकास पर भी विचार किया। फिजी 2006 में सैनिक शासन की स्थापना के बाद से राष्ट्रमंडल देशों से बाहर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications