गुजरात में नकल मामले में आईपीएस अधिकारी को जवाब देने को कहा
अहमदाबाद, 12 मई (आईएएनएस)। गत महीने विधि (लॉ) की परीक्षा में नकल का आरोप झेल रहे गुजरात के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को विश्वविद्यालय समिति के सामने बुधवार तक अपना पक्ष रखने को कहा गया है।
रविवार को 10 सदस्यीय पैनल के सामने सुनवाई के दौरान भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी रजनीश राय ने कहा कि उन्हें गुजरात विश्वविद्यालय की परीक्षा सुधार समिति आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए, जिससे वह अपना पक्ष रख सकें।
राय ने पहले से ही गुजरात उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर कर रखी है, जिसमें विश्वविद्यालय को सभी संबंधित दस्तावेजों को उपलब्ध कराने का निर्देश देने का अनुरोध किया हुआ है।
आईपीएस अधिकारी राय पर यह मामला एलएलबी परीक्षा में शामिल होने से संबंधित है। परीक्षा के दौरान सिद्धार्थ लॉ कालेज, गांधीनगर के एक इनविजिलेटर का कहना था कि राय ने परीक्षा में नकल की है।
राय ने नकल के आरोप को सिरे से नकारते हुए कहा कि यह आरोप पूर्णतया आधारहीन है। उन्होंने दावा किया कि आरोप साबित करने के लिए पेश किए गए सबूतों का परीक्षा से कोई लेना-देना नहीं है।
गौरतलब है कि राय ने ही सोहराबुद्दीन शेख मामले में निलंबित पुलिस अधिकारी डी. जी. वंजारा को गिरफ्तार किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications