मुंबई में छठ पूजा के लिए राजद ने मांगी इजाजत
मुबंई, 12 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने मुंबई में व्यापक स्तर पर छठ पूजा करने की योजना बनाई है। पार्टी ने इसके लिए बाकायदा महाराष्ट्र सरकार से इजाजत भी मांगी है। पार्टी का कहना है कि सतर्कता बरतने के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है।
संवाददाताओं को संबोधित करते हुए राजद की प्रदेश इकाई के प्रवक्ता ठाकुर मनोज सिंह ने कहा, "पार्टी अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) इसमें व्यवधान न डाले।"
उन्होंने बताया कि कम से कम नौ केंद्रीय मंत्रियों ने छठ पूजा में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित की है। इसमें केंद्रीय रेल मंत्री व पार्टी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव भी शामिल हैं।
सिंह ने बताया कि इस संबंध में मुंबई के संयुक्त पुलिस कमिश्नर (कानून व व्यवस्था ) के. एल. प्रसाद को एक आवेदन सौंपा गया है। साथ ही अगले महीने बम्बई उच्च न्यायालय में इस संबंध में एक याचिका भी दायर की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि आगामी 3-4 नवम्बर को छठ पूजा है और राजद ने सात महीने पहले से ही इसकी तैयारी आरंभ कर दी है। राजद की यह तैयारी मनसे के उस बयान के आलोक में है जिसमें उसके अध्यक्ष राज ठाकरे ने लालू यादव को मुंबई में छठ पूजा करने की चुनौती दी थी।
इडो-एशियन न्यूज सर्विस।