नवाज शरीफ ने किया गठबंधन सरकार से अलग होने का ऐलान
इस्लामाबाद, 12 मई (आईएएनएस)। बर्खास्त जजों की बहाली के मुद्दे पर आम सहमति नहीं बन पाने के कारण पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) ने पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार से अलग हटने का फैसला किया है।
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पीएमएल-एन सुप्रीमो नवाज शरीफ ने सोमवार को यहां संवाददाताओं को बताया कि उनकी पार्टी के सांसद सत्ता पक्ष की ओर ही बैठेंगे और सरकार को बाहर से समर्थन देंगे।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तानी राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ द्वारा बर्खास्त किए गए उच्चतम न्यायालय के जजों की बहाली के लिए सोमवार तक की समय सीमा मुकर्रर हुई थी। लेकिन गठबंधन के दोनों सहयोगियों के बीच इस मुद्दे पर दुबई और लंदन में हुई मैराथन बैठकों के बाद भी आम सहमति नहीं बन पाई।
इस बीच, पीपीपी ने कहा है कि वह आने वाले दिनों में संवैधानिक प्रावधानों के तहत जजों की बहाली के लिए प्रस्ताव लाएगी।
पीपीपी ने उम्मीद जताई है कि इस प्रस्ताव के बाद पीएमएल-एन वापस सरकार में शामिल हो जाएगी। पीपीपी ने कहा है कि वह पंजाब प्रांत में पीएमएल-एन की सरकार को अपना समर्थन जारी रखेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications