गृह मंत्रालय ने नंदीग्राम हिंसा पर रिपोर्ट मांगी
नई दिल्ली, 12 मई (आईएएनएस)। गृह मंत्रालय ने आज पश्चिम बंगाल सरकार से पंचायत चुनाव के पहले चरण के दौरान अनेक स्थानों, विशेषकर नंदीग्राम में हुई हिंसा पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
सूत्रों के अनुसार रिपोर्ट के आधार पर मंत्रालय वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक में हालात का जायजा लेगा।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में जारी पंचायत चुनाव के पहले चरण में 11 मई को मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कार्यकर्ताओं और पुलिस व अर्धसैनिक बलों के बीच झड़प की खबरें आईं थीं।
पहले चरण के मतदान के दौरान माकपा सांसद लक्ष्मण सेठ और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के उप-महानिरीक्षक आलोक राज के बीच नंदीग्राम में बहस की सूचना मिली थी। राज पर लोगों को सताने का आरोप है। वह हालांकि इस आरोप से इंकार करते हैं।
गौरतलब है कि रविवार को मतदान के पहले चरण के दौरान नंदीग्राम और अन्य क्षेत्रों में सीआरपीएफ और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की अनेक टुकड़ियां तैनात थीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications