अन्य कृषि उत्पाद के वायदा कारोबार पर रोक की योजना नहीं : पवार
नई दिल्ली, 12 मई (आईएएनएस)। कृषि मंत्री शरद पवार ने आज यहां कहा कि सरकार किसी अन्य कृषि उत्पाद के वायदा कारोबार पर रोक लगाने की योजना नहीं बना रही है।
पिछले सप्ताह सरकार ने बढ़ती महंगाई पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सोयाबीन तेल, आलू, चना और रबर के वायदा कारोबार पर प्रतिबंध लगा दिया था।
पवार ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "कृषि संबंधी किसी अन्य उत्पाद के क्षेत्र में वायदा कारोबार पर रोक लगाने की सरकार की कोई योजना नहीं है। इस साल किसानों से गेंहूं की रिकार्ड खरीद के कारण गेंहू का आयात भी नहीं करना पड़ेगा।"
पिछले साल देश को 18 लाख टन गेहूं का आयात करना पड़ा था।
इस समय भारतीय खाद्यान्न निगम (एफसीआई) के पास जुलाई तक करीब दो करोड़ 10 लाख टन गेहूं का भंडार होने की संभावना है जो आगामी दो वर्षो की जरूरतों को पूरा करने में सक्षम है।
दुनिया में चीन के बाद दूसरे नंबर के गेंहू उत्पादक देश भारत में इस साल जून तक गेहूं का उत्पादन 7.68 करोड़ टन पहुंच जाने का अनुमान है जो पिछले साल के मुकाबले 10 लाख टन अधिक होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications