माया सरकार के एक वर्ष पूरे, कांग्रेस ने बांधी शिकायत की गठरी
लखनऊ, 12 मई (आईएएनएस)। मायावती सरकार के एक वर्ष पूरा होने पर मनाए जाने वाले जश्न को फरेब की संज्ञा देने हुए कांग्रेस ने आज पूर्व संध्या पर बहुजन समाजवादी पार्टी (बसपा) सरकार के खिलाफ एक आरोप पत्र जारी करते हुए कहा कि अगर एक महीने में सरकार ने इन आरोपों का जवाब न दिया तो कांग्रेस जेल भरो आंदोलन शुरू करेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा़ रीता बहुगुणा जोशी ने पूर्व मुख्यमंत्री राम नरेश यादव सहित अन्य नेताओं की मौजूदगी में मायावती सरकार के खिलाफ आरोप पत्र जारी किया। आरोप पत्र में कहा गया है कि मायावती के संरक्षण में भ्रष्टाचार नौकरशाहों के दफ्तरों, बाबुओं की फाइलों और जिलों-जिलों में बसपा नेताओं के बीच फल-फूल रहा है।
कांग्रेस का आरोप है कि नोएडा प्राधिकरण द्वारा विगत दिनों खरबों की संपत्ति कौड़ियों के भाव बेच दी गई, जिससे सरकार को 2500 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। रोजगार देने की बजाय पुलिस भर्ती घोटाले के नाम पर 18000 से अधिक पुलिसकर्मियों को बर्खास्त कर दिया गया जबकि आरोपित सभी पुलिस अधिकारियों को दोषमुक्त कर महत्वपूर्ण पदों पर तैनात कर दिया गया।
मायावती सरकार पर दलित एक्ट को निष्प्रभावी बनाने और महंगाई को रोक पाने में विफल रहने का भी आरोप लगाया गया है। प्रदेश सरकार द्वारा केन्द्र सरकार की योजनाओं को सही ढंग से लागू न करने और इन पर अपना ठप्पा लगाने को अनैतिक कार्य बताते हुए कांग्रेस ने कहा कि केन्द्र के धन का उपयोग न कर पाने के कारण प्रदेश सरकार को 7500 करोड़ रुपये पब्लिक लेजर एकाउंट (पीएलए) में डालना पड़ा।
यहां खराब कानून व्यवस्था के लिए भी कांग्रेस ने बसपा को कठघरे में खड़ा किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications