छत्तीसगढ़ सरकार ने बताए गर्मी से बचाव के तरीके
रायपुर, 12 मई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के ज्यादातर जिलों का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चले जाने के बाद राज्य सरकार ने आम लोगों के लिए स्वास्थ्य संबंधी कई हिदायतें जारी की हैं। राज्य के कई क्षेत्रों से लोगों के लू और पीलिया से प्रभावित होने की खबरें आ रही हैं।
सरकार ने लू से बचने के लिए कई हिदायतें जारी की हैं। लोगों से कहा गया है कि वे घर से निकलने से पहले पर्याप्त भोजन करें और खूब पानी पीएं ।
लोगों को यथासंभव घर में ही रहने की सलाह दी गई है। लेकिन यदि लू और धूप में निकलना जरूरी हो तो उन्हें चेहरा और कान ढंक कर ही निकलना चाहिए।
गौरतलब है कि 28 अप्रैल के बाद छत्तीसगढ़ के लगभग सभी जिलों का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच चुका है। मौसम विभाग का आकलन है कि इस महीने के अंत तक रायगढ़, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव और बिलासपुर जैसे जिलों का तापमान 46-47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
अधिकारियों का कहना है कि रायपुर के 'डा. भीमराव अंबेडकर गवर्नमेंट हास्पीटल एंड कालेज' में लू और पीलिया से पीड़ित लगभग 40 मरीज रोजाना आ रहे हैं।
सरकार ने लोगों से कहा है कि तेज बुखार, दस्त और तेज सिरदर्द होने पर तुरंत डाक्टरों की सलाह लें क्योंकि ये लक्षण लू से प्रभावित होने के हो सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications