नेता, अफसर व फौज के लिए कश्मीर समस्या नोट छापने की मशीन : फारुख
इंदौर, 12 मई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारुख अब्दुल्ला ने कश्मीर समस्या के लिए केन्द्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि संसद में पूरे कश्मीर को भारत का हिस्सा बताकर प्रस्ताव पारित किया जाता है और यदि ऐसा है तो इस मुद्दे पर पाकिस्तान और संयुक्त राष्ट्र से चर्चा क्यों की जाती है।
फारुख अब्दुल्ला ने अपनी यह बेवाक राय 'आभास मंडल' की रविवार को हुई व्याख्यानमाला में रखी। उन्होंने कहा, "नेता, अफसर और फौज के लिए कश्मीर समस्या नोट छापने की मशीन बन गई है, क्योंकि खुफिया कार्रवाई के नाम पर करोड़ों रुपये का बजट तैयार किया जाता है।" अब्दुल्ला ने कहा कि कश्मीर समस्या का हल भारत-पाकिस्तान और कश्मीर के लोगों के साथ मिलकर खोजा जाना चाहिए।
पिछले दो दिनों से जम्मू कश्मीर में बढ़ी आतंकवादी गतिविधियों पर कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री ने चिन्ता जताई और कहा कि पिछले दो साल से यहां शांति का वातावरण था, मगर दो दिन की घटनाएं अच्छा संकेत नहीं दे रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत और कश्मीर की तरक्की के लिए पाकिस्तान की तरफ दोस्ती का हाथ बढ़ाना चाहिए।
देश में बढ़ती महंगाई को वर्तमान दौर की सबसे बड़ी समस्या बताते हुए उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार इस पर लगाम लगाने में नाकाम रही है। उन्होंने सुझाव दिया कि अगर पेट्रोलियम पदार्थो पर लगने वाले कर कम कर दिए जाए तो मूल्य वृद्घि को रोका जा सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications