म्यामांर की स्थिति पर सिंगापुर में हो सकती है आसियान की बैठक
सिंगापुर, 12 मई (आईएएनएस)। दक्षिण-पूर्वी एशियाई देशों का संगठन (आसियान) के विदेश मंत्री तूफान की आपदा झेल रहे म्यांमार में राहत के उपायों पर बातचीत के लिए जल्दी ही सिंगापुर में एकत्रित होंगे।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार म्यांमार सिंगापुर में आसियान की बैठक में सम्मिलित होने पर सहमत हो गया है। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि म्यांमार के विदेश मंत्री इस बैठक में सम्मिलित होंगे।
सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली हसेन लूंग के प्रस्ताव को वहां के विदेश मंत्री जॉर्ज येवो ने पत्र के माध्यम से म्यांमार के विदेश मंत्री यू न्यान विन के पास भेज दिया है।
इससे पहले आसियान के क्षेत्रीय फोरम के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में कहा गया था कि म्यांमार अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के साथ मिलकर एक समन्वय तंत्र बनाए ताकि राहत कार्यो को सुचारू रूप से चलाया जा सके।
गौरतलब है कि म्यांमार अंतर्राष्ट्रीय सहायता तो स्वीकार कर रहा है लेकिन अंतर्राष्ट्रीय राहत कर्मियों को अपने देश में प्रवेश की अनुमति नहीं दे रहा है।
आसियान के सदस्यों में सिंगापुर, थाईलैंड, मलेशिया, फिलीपीन्स, इंडोनेशिया, ब्रूनी, कंबोडिया, लाओस, वियतनाम और म्यांमार शामिल है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications