आतंकवादी को ढेर करने वाले जवान ने अस्पताल में दम तोड़ा
सांबा (जम्मू-कश्मीर), 12 मई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के सांबा सेक्टर में रविवार को एक घर में जबरन घुस आए आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में घायल राज्य पुलिस के जवान अजीज मोहम्मद ने रविवार रात अस्पताल में दम तोड़ दिया।
'जम्मू कश्मीर लाइट इन्फेंट्री' के जवान अजीज ने साहस का परिचय देते हुए घर में घुसकर आतंकवादियों पर हमला बोल दिया था। रविवार शाम जब आतंकवादियों ने तीन लोगों को मार डाला तो अजीज से रहा नहीं गया। उन्होंने कहा, "बहुत हो गया।"
आतंकवादी ने अजीज पर गोली चलाई। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और दो आंतकवादियों में से जिंदा बचे एक आतंकवादी को मौत के घाट उतार दिया। आतंकवादी की मौत के बाद दिन भर चला 'सांबा ऑपरेशन' खत्म हुआ।
घायल जवान अजीज को तुरंत सेना के अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां रविवार रात उनकी मौत हो गई। गौरतलब है कि जम्मू के मैदानी इलाके में आतंकवादियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच रविवार को दिन भर चली मुठभेड़ में एक पत्रकार और एक महिला बंधक सहित पांच लोगों की मौत हो गई थी और चार अन्य घायल हो गए।
सांबा सेक्टर के काली मंडी में होशियार सिंह के घर में आतंकवादी घुस गए। आतंकवादियों ने वहां अंधाधुंध गोलियां चलाई जिससे सिंह और उनकी पत्नी शशि बाला की मौत हो गई। हमले में सिंह की बेटी बिंदु और सास गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सेना ने संयुक्त अभियान शुरू कर दिया। इससे आतंकवादी एक ग्रामीण सुरेश सिंह के मकान में जबर्दस्ती घुस गए। आतंकवादी ग्रेनेड फेंक रहे थे और गोलीबारी कर रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications