मलेशिया सरकार से शैक्षणिक अनुदानों की गुजारिश करेंगे भारतीय मूल के युवा
कुआलालंपुर, 12 मई (आईएएनएस)। मलेशिया में भारतीय मूल के युवाओं का एक दल अपने सामाजिक शिक्षा कार्यक्रमों के लिए सरकार से अनुदान की गुजारिश करेगा, ताकि उनके समुदाय में छाए असंतोष को दूर करने में मदद मिल सके।
छात्रों का यह दल मलेशियन इंडियन यूथ काउंसिल (एमआईवाईसी) के नेतृत्व में मलेशियन इंडियन कांग्रेस (एमआईसी) के अध्यक्ष एस. सामी वेलू के माध्यम से सरकार के पास अपनी गुजारिश करेगा।
'द स्टार' अखबार में सोमवार को छपी रिपोर्ट के मुताबिक एमआईसी उपाध्यक्ष एस. वीरासिंगम ने कहा कि एमआईवाईसी के साथ भारतीयों का अन्य दल आगामी रविवार को एक सेमीनार आयोजित करेगा, जिसमें शिक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
वीरासिंगम ने कहा कि यह ग्रुप तमिल स्कूलों को सरकार द्वारा पूर्ण अनुदान दिए जाने की मांग भी करेगा। उन्होंने कहा कि नए स्थानों को विकसित किए जाने वाले क्षेत्रों में तमिलों के पूजा-पाठ करने के लिए उचित स्थान की व्यवस्था की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार को चुनाव अभियान के दौरान किए गए वादों को भी पूरा करना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications