नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाएंगे पश्चिम बंगाल व झारखंड
कोलकाता, 12 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनावों के पहले दिन नक्सलियों द्वारा पुरुलिया जिले में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक वाहन को उड़ा देने के बाद राज्य पुलिस ने नक्सलियों को पकड़ने के लिए झारखंड पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाने का फैसला किया है।
पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिरीक्षक (कानून-व्यवस्था) राज कनौजिया ने आईएएनएस से बताया, "आरंभिक जांच से पता चला है कि विस्फोट में शामिल नक्सली झारखंड के थे। हम उनकी गिरफ्तारी के लिए झारखंड पुलिस के साथ मिलकर छापा मारेंगे। झारखंड से लगने वाली सीमा पर घुसपैठ रोकने के लिए हमने वहां गश्त बढ़ा दी है।"
रविवार की शाम चुनाव ड्यूटी से लौट रही बीएसएफ की 39 वीं बटालियन की एक गाड़ी को नक्सलियों ने पुरुलिया जिले के बंडोना इलाके में बारूदी सुरंग विस्फोट में उड़ा दिया था। इस हमले में एक जवान की मौत हो गई थी और सात अन्य लोग घायल हो गए थे।
अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों ने पुरुलिया जिले के बलरामपुर इलाके में एक बम विस्फोट करने की योजना भी बनाई थी।
उन्होंने बताया, "संदिग्ध नक्सलियों ने बलरामपुर इलाके में एक डब्बे में पोस्टर के साथ बम रखा था लेकिन कुछ तकनीकी कारणों से वह बम नहीं फटा और बाद में बम निरोधी दस्ते ने उसे निष्क्रिय कर दिया।"
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनावों के पहले दौर का मतदान 11 मई को संपन्न हुआ और मतदान के अगले दो चरण 14 और 18 मई को होने हैं। मतगणना का काम 21 मई को किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications