मप्र में भाजपा कार्यसमिति की बैठक में कई मुद्दों पर होगी चर्चा
भोपाल, 12 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक 13 व 14 मई को भोपाल में होने वाली है। आगामी विधान सभा चुनाव के मद्देनजर इस बैठक को अहम माना जा रहा है।
कार्यसमिति की यह बैठक पार्टी प्रदेश कार्यालय 'दीनदयाल परिसर' में होगी। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रदेश चुनाव प्रभारी वैंकेया नायडू विशेष तौर पर मौजूद रहेंगे। कार्य समिति की बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित होंगे, जिसमें शिवराज सिंह चौहान सरकार द्वारा लिए गए फैसलों पर चर्चा होगी साथ ही केन्द्र सरकार पर हमला बोला जाएगा।
मुख्य तौर पर राज्य को सूखा राहत राशि नहीं मिलने और बिजली के मामले में केन्द्र सरकार की उपेक्षा की निंदा की जाएगी। भाजपा के लिए कार्यसमिति की बैठक कई मायनों में महत्वपूर्ण है। दरअसल, विधान सभा चुनाव करीब हैं और संगठन तथा सत्ता के बीच पार्टी को समन्वय बनाना हैं।
वहीं दूसरी ओर चुनाव प्रभारी बनने के बाद वैंकेया नायडू इस कार्यसमिति में हिस्सा ले रहे हैं। इतना ही नहीं कई उप चुनावों में पराजय के बाद बैतूल लोकसभा उप चुनाव में पार्टी को जीत मिली है। बैठक में प्रदेश के सभी जिलों के भाजपा अध्यक्षों को भी बुलाया गया है, जो पिछले छह माह की अपनी गतिविधियों का ब्यौरा भी प्रस्तुत करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications