देश भर में कई जगह बूंदाबांदी से तापमान गिरा
नई दिल्ली, 11 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित देश के विभिन्न इलाकों में बेमौसम ठंडी हवा और बूंदा-बादी के चलते जनजीवन ने गर्मी से राहत महसूस की है। दिल्ली में आज का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
देश के पूर्वी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में अगले 48 घंटों के दौरान आंधी चल सकती है। पश्चिम बंगाल, उड़ीसा और सिक्किम में कुछ स्थानों पर बरसात की संभावना है।
मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के कारण आगामी 2-3 दिनों में अंडमान-निकोबार में अनेक स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, केरल, लक्षद्वीप, तटवर्ती आंध्र प्रदेश एवं तटवर्ती एवं दक्षिणी कर्नाटक में भी अगले 48 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर बरसात हो सकती है।
इसके अतिरिक्त, आंध्र प्रदेश और उत्तरी तमिलनाडु के कुछ क्षेत्रों में आगामी 48 घंटों के दौरान भारी गर्मी पड़ेगी। देश में आज का सर्वाधिक तापमान ओंगोल, आंध्र प्रदेश में 44.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
दक्षिणी तमिलनाडु में अगले 48 घंटों में कुछ स्थानों पर बरसात हो सकती है और आंधी चल सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।