जम्मू में आतंकवादी हमले में चार मरे, चार घायल (लीड-1)
सांबा (जम्मू-कश्मीर), 11 मई (आईएएनएस)। जम्मू के मैदानी इलाके में छह साल बाद हुए आतंकवादी हमले में एक पत्रकार सहित चार लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। रविवार तड़के की इस घटना के बाद आतंकवादियों को सुरक्षा बलों ने घेर लिया है और गोलीबारी जारी है।
पुलिस के मुताबिक सांबा सेक्टर के कीली मंडी में होशियार सिंह के घर में आतंकवादी घुस गए। आतंकवादियों ने वहां अंधाधुंध गोलियां चलायी जिससे सिंह और उसकी पत्नी शशि बाला की मौत हो गई। हमले में सिंह की बेटी बिंदु और सास गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सेना ने संयुक्त अभियान शुरू कर दिया। इससे आतंकवादी एक ग्रामीण सुरेश सिंह के मकान में जबर्दस्ती घुस गए। वहीं से आतंकवादियों ने गोलियां चलाईं, जिसमें एक फोटो पत्रकार अशोक सोढ़ी की मौत हो गई जबकि एक जवान शहीद हो गया। इसके अलावा दो और लोग भी घायल हुए हैं।
सुरेश सिंह के मकान में एक आठ वर्षीय बच्ची के साथ एक महिला मौजूद है, जिनकी स्थितियों के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है।
जम्मू क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक के. राजेंद्र ने आईएएनएस को बताया कि आतंकवादी ग्रेनेड फेंक रहे हैं और गोलीबारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि घायलों को जम्मू के सरकारी मेडिकल कालेज व अस्पताल में भर्ती किया गया है।
पुलिस महानिरीक्षक ने आशंका जताई कि हमले में शामिल आतंकवादी पाकिस्तानी हैं जो सांबा क्षेत्र में गत गुरुवार रात को घुस आए थे।
गौरतलब है कि 2002 के बाद जम्मू के मैदानी इलाकों में यह पहला आतंकवादी हमला है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*