किताब को लेकर उठे विवाद पर अर्जुन ने दी सफाई
नई दिल्ली, 11 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री अर्जुन सिंह पर लिखी गई पुस्तक 'मोहि कहां विश्राम' में कांग्रेस नेतृत्व को लेकर की गई टिप्पणियों पर उठे विवाद को थामने के लिए खुद अर्जुन सिंह को सामने आना पड़ा है।
अपनी सफाई में उन्होंने इस विवाद को गैरजरूरी और अनावश्यक करार दिया है। उनके मुताबिक पुस्तक में कही बातों का गलत अर्थ निकाला गया।
पुस्तक के विमोचन के बाद से ही अपने कांग्रेसी सहयोगियों की चौतरफा आलोचनाओं से घिरे सिंह ने आज एक बयान जारी कर गांधी-नेहरू परिवार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई और कहा है कि वह इस परिवार के सदस्यों के प्रति जीवन पर्यन्त निष्ठावान बने रहेंगे।
उन्होंने कहा, "मैं समझता हूं कि यह विवाद अब समाप्त हो जाना चाहिए। पुस्तक के बारे में की गई व्याख्या ने गैरजरूरी व अनावश्यक विवाद पैदा किया और इससे मुझे काफी ठेस पहुंचा है।"
उल्लेखनीय है कि पुस्तक के विमोचन के ठीक एक दिन बाद राजधानी दिल्ली में शनिवार को आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान वह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ मंच पर आसीन थे लेकिन दोनों के बीच कोई बातचीत नहीं हुई।
इसके अलावा कांग्रेस के लगभग सभी बड़े नेताओं ने पुस्तक पर उठे विवाद व उसमें की गई टिप्पणियों को लेकर अर्जुन सिंह की खुली आलोचना भी की।
अुर्जन सिंह ने विवादास्पद पुस्तक में कहा था कि कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र नहीं है और वहां निष्ठा का आकलन बहुत ही सीमित अर्थो में किया जाता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।