कर्नाटक चुनाव के प्रथम चरण में 55 प्रतिशत मतदान (लीड)
बंगलौर, 10 मई (आईएएनएस)। कर्नाटक विधानसभा के 224 सीटों के लिए हो रहे चुनाव के प्रथम चरण में 89 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतदान आज संपन्न हुए। 950 प्रत्याशियों के भाग्य का निर्धारण के लिए लगभग 55 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
बंगलौर में केवल 40 प्रतिशत मतदान हुए जबकि टुमकुर, चमाराजानगर, चिक्काबल्लापुर जैसे छोटे जिलों में 60 प्रतिशत से अधिक लोगों ने मत डाले। कुछेक जगहों को छोड़कर सभी जगहों पर मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुए।
कुछ जगहों पर मतदाता सूची से जुड़ी गलतियों के कारण मतदाता परेशान हुए तो कहीं बोगस मतदान ने उन्हें परेशान किया। बंगलौर के हेब्बल में पुलिस ने 30 लोगों को बोगस मतदान करते हुए गिरफ्तार किया।
मतदान के लिए कुल 18 हजार 562 मतदान केंद्र बनाए गए थे जिनमें से 6 हजार 252 केंद्रों को अतिसंवेदनशील घोषित किया गया था। शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए 50 हजार पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया गया था।
शनिवार को संपन्न हुए चरण में कांग्रेस के पूर्व उप मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री एच एम अम्बरीश, बहुजन समाज पार्टी के परीमाला नागप्पा समेत कई दिग्गज प्रत्याशी मैदान में थे।
इंडो एशियन न्यूज सर्विस।