सत्ता का नशा दिखा इंदौर की सड़कों पर
इंदौर, 10 मई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक ऊषा ठाकुर की अगुवाई में शुक्रवार शाम निकाली गई जननी भूमि यात्रा में हथियारों का खुला प्रदर्शन किया गया। यात्रा 1857 की क्रांति के डेढ़ सौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में निकाली गई थी।
प्रदेश में भाजपा की सरकार है। ऊषा ठाकुर ने अनुमति के बाद ही यात्रा निकाले जाने की बात कह रही हैं जबकि इंदौर के जिलाधिकारी विवेक अग्रवाल से इस संदर्भ में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि इस यात्रा के लिए प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक यात्रा में शामिल महिलाएं अपने हाथों में नंगी तलवारें, बंदूकें और पिस्तौलें लिए हुए चल रही थीं। इस दृश्य को कई टेलीविजन चैनलों के माध्यमों से देश भर में देखा गया लेकिन जिलाधिकारी का कहना है कि इस यात्रा में हथियारों के प्रदर्शन की उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।