कर्नाटक में प्रथम चरण का चुनाव शांतिपूर्ण, 55 फीसदी मतदान (राउंड अप)
बंगलौर, 10 मई (आईएएनएस)। कर्नाटक विधानसभा के 224 सीटों के लिए हो रहे चुनाव के प्रथम चरण में 89 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतदान आज शांतिपूर्वक संपन्न हुए। मतदान में 55 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रथम चरण के 89 सीटों के चुनाव में 950 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं, जिसमें 17 महिला प्रत्याशी भी शामिल हैं।
बंगलौर में केवल 40 प्रतिशत मतदान हुए जबकि तूमकुर, चामराजानगर, चिक्काबल्लापुर जैसे छोटे जिलों में 60 प्रतिशत से अधिक लोगों ने मत डाले। कुछेक जगहों को छोड़कर सभी जगहों पर मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुए।
कुछ मतदान केंद्रों पर मतदाताओं ने सूची से नाम गायब होने की भी शिकायत की। बंगलौर शहर के मतदान केंद्रों से भी इस प्रकार की शिकायतें आई। आर. टी. नगर क्षेत्र में मतदाताओं ने फोटो पहचान पत्र दिखाते हुए प्रदर्शन किया।
अन्य स्थानों से भी इस प्रकार की शिकायतें सामने आई। वहीं बंगलौर शहर के हेब्बल मतदान केंद्र पर पुलिस ने जाली मतदान करने का प्रयास कर रहे तीस लोगों को गिरफ्तार किया।
मतदान के लिए कुल 18 हजार 562 मतदान केंद्र बनाए गए थे जिनमें से 6 हजार 252 केंद्रों को अतिसंवेदनशील घोषित किया गया था। शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए 50 हजार पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया गया था।
शनिवार को संपन्न हुए चरण में कांग्रेस के पूर्व उप मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री एच.एम. अम्बरीश, बहुजन समाज पार्टी के परीमाला नागप्पा समेत कई दिग्गज प्रत्याशी मैदान में थे।
उल्लेखनीय है कि राज्य के 11 दक्षिणी जिलों के कुल 89 विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 1.73 करोड़ मतदाता हैं, जिसमें 84 लाख महिलाएं शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*