मध्यप्रदेश में भाजपा की नब्ज टटोलने में जुटे वेंकैया
भोपाल, 9 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश के चुनाव प्रभारी वेकैया नायडू ने प्रदेश में पार्टी तथा सरकार की सेहत जानने के लिए नब्ज टटोलना शुरू कर दिया है। उन्होंने इसके लिए सत्ता तथा संगठन से जुड़े लोगों अलग-अलग मुलाकात का कार्यक्रम बनाया है।
शुक्रवार को भोपाल पहुंचने के बाद नायडू ने संगठन के पदाधिकारियों, सरकार के मंत्रियों और विधायकों से मुलाकात करने का दौर शुरू कर दिया है। वे यह जानना चाहते हैं कि सरकार व संगठन किस तरह से काम कर रहे हैं तथा दोनों में किस हद तक समन्वय है।
पत्रकारों से चर्चा के दौरान नायडू ने कहा कि उनकी कोशिश प्रदेश में पार्टी की स्थिति को करीब से जानने की है। उनका मानना हैं कि प्रदेश में शिवराजसिंह चौहान की सरकार जनता के हित में काम कर रही है, वहीं केन्द्र की संप्रग सरकार जनता की मुश्किलें बढ़ाने वाली है। आगामी विधान सभा चुनाव में उनकी पार्टी इसी को आधार बनाएगी। उन्होंने कहा कि हमारे एक हाथ में शिवराज सरकार की उपलब्धियां होंगी, तो दूसरे हाथ में संप्रग सरकार की खामियों पुलिंदा ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।