बिहार में पुलिस की गोली से एक की मौत
पटना, 9 मई (आईएएनएस)। बिहार के बगहा जिले के धनहा थानान्तर्गत डेवहारी गांव में ग्राम सुरक्षा समिति के अध्यक्ष सुरेश यादव की मौत पुलिस की गोली लगने से हो गई, लेकिन स्थानीय थाना प्रभारी ने इससे साफ इंकार करते हुए कहा कि आपसी प्रतिद्वंदिता में हुई गोलीबारी में सुरेश यादव की मौत हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक भूमि विवाद के कारण सुरेश यादव व महातन यादव के बीच शुक्रवार सुबह से गोलीबारी हो रही थी। इसकी सूचना स्थानीय थाना को मिलने के बाद थाना प्रभारी दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थिति को विकट होते देख पुलिस ने भी गोलीबारी आरंभ कर दी।
जब दोनों तरफ से गोलीबारी बंद हुई, तो घटनास्थल पर सुरेश यादव को मरा हुआ पाया गया। स्थानीय थाना ने सुरेश की मौत के लिए महातन यादव को दोषी ठहराया है। उधर, बगहा के जिला आरक्षी अधीक्षक विकास वैभव ने बताया कि सुरेश यादव की मौत जांच का विषय है। जांच के बाद ही सही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
इधर, महातन यादव ने सुरेश की मौत के लिए स्थानीय पुलिस को दोषी ठहराते हुए कहा कि सुरेश की मौत पुलिस की गोली लगने से हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।