उत्तर कोरिया के परमाणु दस्तावेजों के साथ लौटेगा अमेरिकी दूत
वाशिंगटन, 9 मई (आईएएनएस)। अमेरिकी दूत के उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगप्यांग से परमाणु कार्यक्रम के संबंधित दस्तावेजों के साथ शुक्रवार को लौटने की उम्मीद है।
अमेरिकी विदेश विभाग ने गुरुवार को बताया कि विभाग के कोरिया स्थित कार्यालय के निदेशक सुंग किम के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को उत्तर कोरिया गया है। इस दल के परमाणु दस्तावेजों के साथ शुक्रवार को लौटने की उम्मीद जताई जा रही है।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता सीन मैक्कारमैक ने ने कहा कि आने वाले दिनों में इन दस्तावेजों का विश्लेषण किया जा सकता है।
मैक्कारमैक ने इस प्रश्न का कोई उत्तर नहीं दिया कि क्या इन दस्तावेजों को नाभिकीय कार्यक्रम के बारे में उत्तर कोरिया की सम्पूर्ण घोषणा माना जा सकता है। उन्होंने कहा कि इसके लिए एक घोषणा चीन द्वारा तैयार की जा रही है जो छह सदस्यीय वार्ता का प्रमुख है।
गौरतलब है कि छह देशों की स्थगित वार्ता के पुन: शुरू होने से पहले उत्तर कोरिया द्वारा अपने परमाणु कार्यक्रम की घोषणा करना जरूरी है। इस वार्ता में उत्तर और दक्षिण कोरिया के अतिरिक्त, जापान, चीन, अमेरिका और रूस शामिल थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।