जापान के विदेशी मुद्रा भंडार में कमी आई
टोक्यो, 9 मई (आईएएनएस)। सोने और अमेरिकी खजाना बांडों की कीमतों में आई कमी के कारण इस वर्ष अप्रैल में पिछले 11 महीने के दौरान पहली बार जापान के विदेशी मुद्रा भंडार में कमी आई है।
जापान के वित्त मंत्रालय ने आज बताया कि अप्रैल महीने के अंत में यहां का विदेशी मुद्रा भंडार एक खरब डालर रह गया। मार्च के मुकाबले इसमें 11.75 अरब डालर की कमी आई है।
बताया जा रहा है कि सोना, अमेरिकी खजाना बांड और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले यूरो की कीमतों में आई कमी के कारण जापान के विदेशी मुद्रा भंडार का मूल्य कम हो गया है।
गौरतलब है कि मार्च महीने के अंत तक जापान का विदेशी मुद्रा भंडार रिकार्ड 1.02 खरब डालर के स्तर पर जा पहुंचा था। उस दौरान जापान में 858.76 अरब डालर मूल्य की विदेशी प्रतिभूतियां और 118.75 अरब डालर मूल्य का विदेशी मुद्रा भंडार था।
मार्च के अंत तक जापान के पास विदेशी केंद्रीय बैंकों और बेसेल स्थित अंतर्राष्ट्रीय निपटान बैंक में 6.03 अरब डालर, जापानी बैंकों में 26.28 अरब डालर और विदेशी वित्तीय संस्थानों में 86.28 डालर मूल्य की जमा राशि थी। उस दौरान जापान के पास 21.43 अरब डालर मूल्य का स्वर्ण भंडार था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।