दिल्ली में जल संकट गहराने के आसार
नई दिल्ली, 9 मई (आईएएनएस)। दिल्ली में आने वाले समय में जल संकट और भी गंभीर होने की संभावना है। वर्तमान में जहां दिल्ली वासी 900 मिलियन लिटर प्रतिदिन (एमएलडी) जल संकट से जूझ रहे हैं वहीं यह आंकड़ा वर्ष 2021 में एक हजार एमएलडी से अधिक हो जाने की आशंका है।
दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) के एक अधिकारी ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर कहा, "दिल्ली में आने वाले समय में हर किसी को जल उपलब्ध कराना बेहद कठिन हो जाएगा। दरअसल, राजधानी में जल के स्रोत सीमित हैं।"
दिल्ली के आर्थिक सर्वे 2007-2008 के अनुसार राजधानी में जल की कमी 1,608 मिलियन लिटर प्रतिदिन (एमएलडी) हो जाएगी। वर्ष 2021 में राजधानी में जल की मांग 6,272 एमएलडी होगी जबकि जल की आपूर्ति 5,259 एमएलडी होगी, इस तरह 1,013 एमएलडी पानी की कमी रहेगी।
जल बोर्ड के अधिकारी ने कहा कि दिल्ली में प्रतिवर्ष तीन लाख से चार लाख लोग दूसरे राज्यों से पहुंच रहे हैं। ऐसी स्थिति में जल आपूर्ति प्रभावित होती है।
दिल्ली पानी के लिए पूरी तरह पड़ोसी राज्यों हरियाणा और उत्तर प्रदेश पर निर्भर है। ऐसी स्थिति में सीमित जल स्रोत से राजधानी में जल संकट और भी गंभीर रूप ले सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।