इलाहाबाद में मिट्टी धंसने से 4 मजदूरों की मौत
इलाहाबाद, 8 मई (आईएएनएस)। इलाहाबाद में आज मिट्टी धंसने से 4 मजदूरों की मौत हो गयी जबकि 1 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मजदूर को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
इलाहाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने आईएएनएस को बताया कि इलाहाबाद के ओद्यौगिक थाना क्षेत्र के मवैइया गांव में आज कुछ मजदूर गड्ढा खोद रहे थे। गहरा गड्ढा खोदने के बाद करीब दोपहर 12 बजे वे गहरे गड्ढे के अंदर बैठकर ही खाना खाने लगे। तभी गड्ढा धंस गया और गड्ढे से निकाली गई मिट्टी उनके ऊपर आ गिरी, जिससे 4 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बुरी तरह घायल हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी मृत मजदूरों को गड्ढे से बाहर निकाल कर सुरेश, महेंद्र, जनन्नाथ और पप्पू के तौर पर शिनाख्त की है, जबकि घायल मजदूर का नाम सुनील बताया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।