पारा लुढ़का, कुछ इलाकों में हो सकती है बारिश
नई दिल्ली, 7 मई (आईएएनएस)। देश के कई हिस्सों में पारा नीचे आने पर आज लोगों ने राहत की सांस ली। देश के कुछ हिस्सों में अगले 48 घंटों के दौरान बारिश होने और आंधी की संभावना है।
देश में आज अधिकतम तापमान आंध्र प्रदेश के गन्नावरन में 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार देश के पूर्वी और उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में आगामी दो-तीन दिनों के दौरान कुछ क्षेत्रों में बरसात और आंधी चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और उसकी वजह से बने कम दबाव के कारण देश के उत्तर-पश्चिमी और मध्य हिस्सों में आगामी तीन-चार दिनों के दौरान तापमान सामान्य रहने की संभावना है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज का अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
दक्षिण भारत में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण अधिकांश स्थानों पर मौसम खुश्क रहेगा। अंडमान-निकोबार और कुछ अन्य तटवर्ती क्षेत्रों में अगले 48 घंटों के दौरान बरसात हो सकती है। आंध्र प्रदेश में पड़ रही भारी गर्मी के अगले चौबीस घंटों के बाद कम होने की संभावना है।
छत्तीसगढ़ और उत्तरी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले दो-तीन दिनों के दौरान बरसात हो सकती है। इसके अतिरिक्त देश के अधिकांश मध्य क्षेत्रों में मौसम में खुश्की बनी रहेगी।
हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी दो-तीन दिनों के दौरान बरसात और आंधी चल सकती है।
आगामी 48 घंटों के बारे में अनुमान है कि हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, उड़ीसा, बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड में कुछ क्षेत्रों में आंधी चल सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।