नक्सली हमले में सब-इंस्पेक्टर की मौत (लीड)
रांची, 7 मई (आईएएनएस)। झारखंड के गिरीडीह-रांची पथ पर हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थानान्तर्गत भेलवारा जंगल में नक्सलियों ने एक पुलिस जीप पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में सब इंस्पेक्टर आलिवा पूर्ति की मौत हो गई। वह गिरीडीह में वायरलेस सुपरवाईजर के पद पर कार्यरत थे। हमले में जीप चालक गोली लगने से घायल हो गया।
राष्ट्रीय राज पथ -100 पर यह घटना उस समय हुई जब पुलिस वाहन गिरीडीह से रांची जा रही थी।
आरक्षी उपाधीक्षक हजारीबाग मो. नौशाद आलम ने बताया कि पुलिस वाहन पूर्व निर्धारित कार्यालय कार्य से गिरीडीह से रांची जा रही थी। इस वाहन में सबइंस्पेक्टर के अलावे चालक समेत दो पुलिस जवान सवार थे। उन्होंने बताया कि पुलिस वाहन के जाने की बात की जानकारी नक्सलियों को किसी तरीके से ज्ञात हो गयी थी और नक्सलियों ने घात लगाकर पुलिस वाहन पर एकाएक गोली-बारी शुरू कर दी।
चालक ने गोली लगने के बावजूद गाड़ी को नहीं रोका और गाड़ी को पास के मेरू पुलिस प्रशिक्षण में भगा कर ले गया। घायल चालक सोमा खलखो का इलाज नेहरू अस्पताल में किया जा रहा है। मो. आलम के अनुसार नक्सलियों की धर-पकड़ के लिए भेलवारा जंगल में एसटीएफ, सीआरपीएफ के साथ पुलिस बल छापेमारी कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।