सोने की चेन ने ली गर्भवती महिला की जान
पटना, 7 मई (आईएएनएस)। बिहार में गया जिले के अतरी थाना के दौलतपुर गांव में तीन मई को हुई गर्भवती महिला की हत्या सोने की चेन की मांग पूरी नहीं करने पर की गई थी। ससुराल वाले काफी समय से दहेज में सोने की चेन की मांग कर रहे थे। महिला के गर्भ में छह महीने का बच्चा था।
जानकारी के अनुसार 24 वर्षीय संगीता के ससुराल वाले उसके मायके वालों से दहेज के रूप में सोने की चेन मांग रहे थे। चेन नहीं मिलने पर गत तीन मई को कथित रूप से उसकी हत्या कर दी गई।
इस मामले में अतरी पुलिस थाने में गर्भवती महिला की गला दबाकर हत्या करने का मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी कुमार राजेश सिंह ने बताया कि संगीता के पिता ने उसके पति सुनील पासवान, ससुर कालीचरण पासवान, देवर अनिल और अशोक, सास मालती देवी और ननद तेतरी कुमारी को इस मामले में नामजद अभियुक्त बनाया है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। सभी अभियुक्त गिरफ्तारी के डर से फरार हैं। गया के आरक्षी अधीक्षक परेश सक्सेना ने इस संबंध में आईएएनएस को कुछ भी बताने से साफ मना कर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।