नेपाल नरेश पर 10 लाख डालर बकाया

एक रिपोर्ट के अनुसार नेपाल नरेश पर बिजली ,पानी और टेलीफोन बिल के करीब 7.5 करोड़ नेपाली रुपये (लगभग 10 लाख डालर)बकाया है।
जल्दी ही संग्रहालय के रूप में तब्दील होने वाले नारायणहिती महल पर नेपाल विद्युत प्राधिकरण के बिजली बिल के 4.7 करोड़ नेपाली रुपये बकाया है।
केवल पिछले महीने का ही महल का बिजली बिल 10 लाख नेपाली रुपये से अधिक है। जबकि इस दौरान राजा और रानी ने अधिकांश समय काठमांडू से बाहर अपने ग्रीष्मकालीन आवास नागार्जुन रिसोर्ट पर व्यतीत किया।
सूत्रों के अनुसार राजा ने 2005 में सेना की मदद से संपूर्ण सत्ता हथियाने के बाद से ही अपने बिजली बिल का भुगतान बंद कर दिया है।
सरकारी टेलीफोन कंपनी नेपाल टेलीकाम के अनुसार राजा ज्ञानेंद्र पर लैंडलाइन फोन का बिल एक करोड़ नेपाली रूपया और मोबाइल फोन का 10 लाख नेपाली रूपया बकाया है।
नेपाल में जहां हफ्ते में 42 घंटे विद्युत कटौती हो रही है वहीं अपने बिल नहीं चुकाने के बावजूद दर्जनों उद्योगपति और शाही परिवार के सदस्य बिना बाधा के बिजली प्राप्त कर रहे हैं।
गौरतलब है कि 24 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए नेपाल विद्युत प्राधिकरण ने महल में 11 कर्मचारी और एक उपकेंद्र स्थापित किया है।
नेपाल विद्युत प्राधिकरण द्वारा बार-बार बिल चुकाने के लिए भेजे गए पत्रों का महल की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया है।
संसद द्वारा पिछले वर्ष नेपाल को गणतंत्र घोषित करने और शाही परिवार के विशेषाधिकार अधिक समय तक जारी नहीं रहने की घोषणा के बावजूद अभी तक सरकार इस संबंध में कोई निश्चित प्रावधान करने में असफल रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications