बुद्ध प्रतिमा को क्षति पहुंचाने से न्यूजीलैंड सेना का इंकार
वेलिंगटन, 4 मई (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड की सेना ने शनिवार को एक राकेट को निष्क्रिय करने के दौरान अफगानिस्तान के प्रसिद्ध बामियान बुद्ध प्रतिमाओं में से एक के क्षतिग्रस्त होने की घटना से इंकार किया है।
बामियान प्रांत के सूचना और सांस्कृतिक विभाग के प्रमुख नजीबुल्लाह हरार के हवाले से रिपोर्टों में कहा गया था कि न्यूजीलैंड सेना द्वारा एक बम को निष्क्रिय करने के लिए किए गए नियंत्रित विस्फोट से बुद्ध एक मूर्ति को नुकसान पहुंचा है।
न्यूजीलैंड सेना के वेलिंगटन मुख्यालय से जारी एक बयान में कहा गया है कि बम निरोधक दस्ते ने बामियान के पास एक 85 मिलीमीटर टैंक रोधी राकेट को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया।
बयान में कहा गया है कि प्रांत के गवर्नर हबीबा सोराबी, संयुक्त राष्ट्र के क्षेत्रीय अधिकारी और स्थानीय पुलिस ने राकेट को निष्क्रिय करने को कहा था।
बयान के अनुसार राकेट को सफलतापूर्वक 1 मई को नष्ट कर दिया गया। इस दौरान अफगानिस्तान पुलिस ने सुरक्षा घेरा भी मुहैया कराया था।
विस्फोट के प्रभाव को कम करने के लिए बालू के बोरों का इंतजाम किया गया था।
इस घटना में किसी प्रतिमा को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। संयुक्त राष्ट्र के बामियान प्रमुख ने भी इसके बाद क्षेत्र का दौरा किया और बुद्ध प्रतिमा को किसी नुकसान से इंकार किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications