बाढ़ प्रभावित तीन राज्यों से निकली पदयात्रा खगड़िया में संपन्न
पटना, 3 मई (आईएएनएस)। बाढ़ के साथ जीवन जीने की कला विकसित करने के लिए तीन राज्यों के चार नदी क्षेत्रों से निकली दस दिवसीय पदयात्रा शनिवार को बिहार के खगड़िया जिले में संपन्न हो गई।
यात्रा का संयोजन कर रहे भगवानजी पाठक ने बताया कि पश्चिम बंगाल के फरक्का, झारखंड के दामोदर तथा बिहार के भीमनगर बराज व चानन नदी क्षेत्र से अलग-अलग पंद्रह लोगों के समूह में निकली पदयात्रा आज संपन्न हो गई। दस दिनों की इस पदयात्रा के दौरान लोगों को बाढ़ के समय जीने की कला से रू-ब-रू कराया गया।
यात्रा के समापन अवसर पर तीन राज्यों के लगभग 100 प्रतिनिधियों समेत कई स्थानीय लोग उपस्थित थे। इस अवसर पर लोगों ने अपनी राय व्यक्त करते हुए कहा कि बाढ़ का स्थायी समाधान तलाश करने के साथ बाढ़ के साथ जीने की कला विकसित करने पर बल देना चाहिए ताकि बाढ़ से लोगों को कम से कम नुकसान झेलना पड़े और लोग बाढ़ आने के पूर्व ही सचेत हो जाएं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।