झारखंड की राजधानी से दिखेगी जेलों की गतिविधियां
रांची, 3 मई (आईएएनएस)। झारखंड की राजधानी में बैठे आला अधिकारी अब रिमोट विजुअल जेल मोनिटरिंग (आरवीजेएम) प्रणाली से यह देख सकेंगे कि राज्य की तीन जेलों में क्या-कुछ हो रहा है।
राज्य की जेलों के महानिरीक्षक सुनील कुमार बर्नवाल ने कहा कि इस प्रणाली से राज्य के मुख्यालय में बैठे-बैठे इन जेलों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सकती है। इतना ही नहीं आठ दिनों तक इसके रिकॉर्ड को रखा जा सकता है।
इस प्रणाली का उद्घाटन मुख्यमंत्री मधु कोडा ने शुक्रवार को किया। रांची, हजारीबाग और जमशेदपुर की जेलों को इस प्रणाली से जोड़ा गया है।
मुख्यमंत्री कोडा ने बताया कि जल्द ही राज्य की 23 अन्य जेलों को भी इस प्रणाली से जोड़ दिया जाएगा। इससे अधिकारी जेल के अंदर चल रही गतिविधियों पर नजर रख सकेंगे।
गौरतलब है कि राज्य में दो केंद्रीय जेलों समेत 26 जेल हैं। इसमें करीब 19 हजार कैदियों को रखा गया है। अधिकारियों के मुताबिक यहां पर डेढ़ हजार सुरक्षाकर्मियों को रखा जाना है पर यहां अभी मात्र 700 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।