निलंबित पुलिस महानिरीक्षक फंसे फ्लैट विवाद में
रांची, 3 मई (आईएएनएस)। झारखंड के निलंबित पुलिस महानिरीक्षक पी. एस. नटराजन अब रांची में एक फ्लैट को लेकर विवाद में फंस गए हैं।
इस फ्लैट के मालिक दीपक प्रसून ने राज्य के मुख्य सचिव ए. के. बसु को एक पत्र में लिखा है कि नटराजन इस फ्लैट को खाली नहीं कर रहे हैं, जबकि लीज की अवधि छह महीने पहले ही खत्म हो चुकी है।
रांची में शुक्ला कॉलोनी के स्वागतम अपार्टमेंट में प्रसून ने बताया कि नटराजन ने इस फ्लैट को 33 महीनों की लीज पर जुलाई, 2003 में लिया था।
पत्र में प्रसून ने लिखा है कि नटराजन से फ्लैट खाली करने के लिए दो बार कहा गया। उसके बाद नटराजन ने किराया और बिजली बिल देना बंद कर दिया है।
ये वही नटराजन हैं जिन्हें अगस्त, 2005 में एक टीवी चैनल ने बेनकाब किया था। इसमें नटराजन को एक आदिवासी महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में दिखाया गया था। बाद में महिला ने आरोप लगाया था कि उसका नटराजन ने सेक्स उत्पीड़न किया था। इसके बाद नटराजन को निलंबित कर दिया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।