हिसार 44.4 डिग्री तापमान में झुलसा
नई दिल्ली, 3 मई (आईएएनएस)। देश के अधिकतर हिस्सों में तापमान बढ़ने और चिलचिलाती गर्मी दौर जारी रहने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। तटीय क्षेत्रों में नमी के कारण आम लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
हरियाणा के हिसार में आज देश में सबसे अधिक तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज का अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री और न्यूनतम 27.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मैदानी इलाकों में लोगों को अभी कुछ दिनों तक भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। इसके अतिरिक्त, पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में रहने वालों के लिए कुछ राहत के आसार हैं।
देश के उत्तर-पश्चिमी सीमा पर मंडरा रहे तूफान से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में सोमवार और बुधवार के बीच बरसात हो सकती है।
अब म्यांमार के तटीय क्षेत्र को पार कर चुके चक्रवात 'नर्गिस' के कारण देश के दक्षिण और पूर्वी क्षेत्रों में बरसात हो चुकी है।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार तक असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, तमिलनाडु, केरल, अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह और लक्षद्वीप समूह में बरसात जारी रहेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।