अमेरिकी शेयर बाजार में तेजी बरकरार
शुक्रवार को डाउ जोंस औद्योगिक सूचकांक 48.20 अंक ऊपर बंद हुआ। अमेरिका के स्टैंडर्ड एंड पुअर (एस एंड पी) इंडेक्स में भी 4.56 अंकों की बढ़ोतरी हुई, लेकिन नास्डैक में 3.72 अंकों की गिरावट दर्ज की गई।
इस पूरे सप्ताह में डाउ जोंस में 1.29, एस एंड पी में 1.2 और नास्डैक में 1 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। इस हफ्ते डालर की कीमत में वृद्धि हुई है। गुरुवार को डालर की कीमत 64.63 यूरो सेंट से बढ़कर 64.82 यूरोसेंट और जापानी येन 104.42 से बढ़कर 105.35 येन हो गई।
अमेरिका में आई मंदी के कारण लोगों के रोजगार पर असर पड़ रहा है। श्रम विभाग का अनुमान है कि अप्रैल में करीब 20,000 नौकरियां कम हुई हैं। लेकिन बेरोजगारी की दर पांच प्रतिशत से नीचे बनी हुई है। यह लगातार चौथा महीना है जब नौकरियों में कमी आई है। लेकिन यह मार्च की तुलना में काफी कम है। मार्च में 81,000 नौकरियां कम हुई थीं।
तेल के दामों के बढ़ने से तेल कंपनियों के शेयरों में वृद्धि हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।