दुनिया के बढ़ते तापमान से प्रभावित हुई बैकाल झील
वाशिंगटन, 1 मई (आईएएनएस)। रूस और अमेरिका के वैज्ञानिकों ने पाया है कि बढ़ते वैश्विक तापमान का प्रभाव साइबेरिया स्थित ताजे पानी की दुनिया की सबसे बड़ी झील बैकाल पर भी पड़ा है।
वैज्ञानिकों का कहना है कि बैकाल झील के पानी का तापमान धीरे धीरे बढ़ रहा है। अनुसंधानकर्ताओं की टीम के प्रमुख सदस्य स्टीफेन हैंप्टन ने अपनी अध्ययन रिपोर्ट में बताया, "सुदूर इलाके में स्थित इस झील के पानी का तापमान बढ़ने का सीधा अर्थ यह है कि बढ़ते तापमान का प्रभाव दुनिया के हर कोने पर पड़ा है।"
समाचार एजेंसी जिन्हुआ के अनुसार इन वैज्ञानिकों की अध्ययन रिपोर्ट आज 'ग्लोबल चेंज बायोलोजी जर्नल' के इंटरनेट संस्करण में प्रकाशित हुआ है।
अध्ययन टीम के सदस्य रहे दूसरे वैज्ञानिक मारिएन मूर ने कहा, "हमारा अध्ययन 60 वर्षो के आंकड़ों पर आधारित है। इन आंकड़ों का संग्रह साइबेरिया स्थित एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों के वैज्ञानिकों ने किया है।"
अपनी रिपोर्ट में वैज्ञानिकों ने लिखा है कि बैकाल झील के आंकड़े दर्शाते हैं कि झील की सतह के पानी के तापमान में उल्लेखनीय परिवर्तन हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।