मार्बल सिटी जबलपुर के सेज पर खर्च होंगे डेढ़ अरब
भोपाल, 2 मई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की मार्बल सिटी जबलपुर के हरगढ़ में खनिज और खनिज पर आधारित उद्योगों का विशेष आर्थिक क्षेत्र (सेज) विकसित किया जाएगा। जिस पर डेढ़ अरब से अधिक की लागत आने का अनुमान हैं। इसके लिए केन्द्र सरकार से अनुमति भी मिल गई हैं।
जबलपुर से 64 किलोमीटर दूर हैं सीहोरा तहसील का हरगढ गांव। यहां उद्योगों के लिए 250 एकड़ जमीन उपलब्ध हैं जिसमें से 101 हेक्टेयर क्षेत्र में सेज विकसित किया जाना प्रस्तावित है। इस सेज की अधोसंरचना विकसित किए जाने पर 83 करोड़ से अधिक रुपये खर्च किए जाएंगे, जबकि सुविधाओं के विस्तार पर साढ़े 45 करोड खर्च किया जाना तय हैं। इस क्षेत्र को विकसित करने की जिम्मेदारी मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम को सौपी गई हैं।
उद्योग विभाग से मिली जानकारी के अनुसार इस क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर प्राप्त होने वाले कच्चे खनिज पर आधारित मुख्य रूप से रीफ्रेक्ट्री, मार्बल, फायर क्ले, मार्बल स्टेच्यू यूनिट, सिरामिक प्रोडक्ट, टाइल्स और स्टोन की कटिंग तथा पौलिशिंग, फायर ब्रिक्स, मार्बल व ग्रेनाइड स्टोन कटिंग आदि से जुड़ी इकाइयां यहां लगाई जाएगी। इस क्षेत्र को आगामी 3 साल में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया हैं। एक अनुमान के मुताबिक सेज के विकसित होने से लगभग 11 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। सेज के विकसित होने के प्रथम वर्ष में 300 करोड का निर्यात होने की उम्मीद हैं जो पांचवे वर्ष में 688 करोड तक पहुंच सकता है।
मालूम हो कि फरवरी माह में जबलपुर में इन्वेस्टर्स मीट का आयोजन हुआ था। इस मीट के दौरान हरगढ़ में नवीन औद्योगिक प्रक्षेत्र का शिलान्यास भी हुआ था। तब प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हरगढ़ में सेज स्थापना की औपचारिकता पूर्ण करने का प्रस्ताव केन्द्र तक भेजने की बात कहीं थी। उस प्रस्ताव को केन्द्र से औपचारिक स्वीकृति मिल गई हैं। इसी स्वीकृति के बाद प्रदेश स्तर पर सेज की स्थापना के प्रयास तेज हो गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।