भारतीय नौसैनिक जहाज मलेशिया की मैत्रीपूर्ण यात्रा पर
कुआलालंपुर, 2 मई (आईएएनएस)। भारतीय नौसेना के दो जहाज 'आईएनएस कोरा' और 'आईएनएस कृपाण' भारत-मलेशियाई राजनयिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में रॉयल मलेशियाई नौसेना के साथ एक संयुक्त नौसैनिक अभ्यास के लिए मलेशिया पहुंचे।
इस अवसर पर मंगलवार को संपन्न एक विशेष समारोह में दोनों देशों के अग्रणी नौसैनिक अफसर मौजूद थे। भारतीय उच्चायुक्त अशोक के. कंठ ने दोनों देशों के सांस्कृतिक और राजनीतिक संबंधों पर प्रकाश डाला।
उन्होंने 2006 में उप-प्रधानमंत्री नजीब रजाक की भारत यात्रा के बाद से मलेशिया-भारत रक्षा संबंधों में आई मजबूती पर खुशी जाहिर की।
भारतीय उच्चायोग की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, "इन यात्राओं से दोनों देशों और विशेषकर दोनों नौसेनाओं के बीच संबंध और मजबूत होंगे।"
"दोनों देश पड़ोसी हैं और नौसैनिक जहाजों की सौहार्दपूर्ण यात्रा संबंधों को मजबूती प्रदान करेगी।"
इस अवसर पर पेराक राज्य के मुख्यमंत्री निजार जमालुद्दीन की ओर से असेंबली के सभापति वी. शिवकुमार मौजूद थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।